नवगछिया। कटिहार से भागलपुर जा रही यात्रियों से भरी शोभा ट्रेवल्स बस के अनियंत्रित होकर पकड़ा मोड़ के पास एनएच 31 पर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से बस में सवार आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों के अलावा समाजसेवी राजेन्द्र यादव ने घायलों को बस से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
घायलों में रंगारा ओपी क्षेत्र के सधुआ निवासी संजय साह के पुत्र विशाल कुमार, परवत्ता थाना के छर्रापट्टी निवासी मनोज यादव की पत्नी रंजन देवी, भागलपुर तिलकामांझी निवासी धनुषर्धर झा की पत्नी सुगंधा कुमारी शामिल हैं। घटना मंगलवार को शाम चार बजे हुई।


सभी घायलों का अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में प्राथमिक चिकित्सा की गई। घायलों में तीन की स्थिति नाजुक बतायी जा रही है। घायलों ने बताया कि बस कटिहार से भागलपुर जा रही थी। इस दौरान नवगछिया बस स्टैंड से आगे जाने के बाद सब असंतुलित होकर गड्ढे में जाने लगी जिससे अफरातफरी मच गई। घायल विशाल ने बताया कि वह रंगारा से बस पर चढ़े थे। उसे जिरोमाइल जाना था। रंजन देवी कटिहार से परवत्ता जा रही थी। सुगंधा कटिहार से भागलपुर जा रही थी। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर व खलासी फरार हो गये। घटना की सूचना पर नवगछिया पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाया।

