टीएमबीयू के शाेध छात्र अाैर उसके पिता ने प्राचीन भारतीय इतिहास विभाग के हेड डॉ. बिहारी लाल चौधरी काे साेमवार दाेपहर पाैने दाे बजे चैंबर में घुसकर पीट दिया। जिस समय यह घटना घटी, उस समय टील्हा कोठी स्थित विभाग में पीजी सेमेस्टर एक सत्र की कक्षा चल रही थी। शोरगुल सुनकर विभाग के छात्र और कर्मी चैंबर में पहुंचे। बीच-बचाव में कर्मियों को भी हल्की चोट आई। घटना की जानकारी हेड डॉ. चौधरी ने विवि को दी है।
डॉ. चौधरी ने अाराेप लगाया कि सहरसा जिले के नया बाजार वार्ड नंबर तीन नरियार रोड का अभिनव कुमार, उसके पिता हेमंत कुमार समेत अन्य तीन लाेग उसके चेंबर में अाए अाैर मारपीट की। उन्होंने बताया कि अभिनव उनके अंदर में पीएचडी कर रहा है। वह पिछले कई हफ्ते से बिना प्रक्रिया पूरी किए पीएचडी अवार्ड देने का दबाव बना रहा था। सोमवार को भी वे लोग अचानक विभाग आ धमके। उनलोगों ने डिग्री नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। जब उन्होंने बताया कि डिग्री विवि से मिलती है ताे वे लोग मारपीट करने लगे। हेड ने बताया कि दो साल से वह उनके गाइड हैं। उसकी थिसिस जांच की प्रक्रिया शुरू होनी थी।

उन्होंने कहा कि प्रोवीसी प्रो. रमेश कुमार और प्राॅक्टर डॉ. रतन मंडल को घटना की सूचना दी है। विवि थाने काे भी इसकी शिकायत की है। उन्हाेंने कहा कि विभाग में दिनदहाड़े इस तरह की घटना से सभी लोग भयभीत हैं। दिन में काफी संख्या में छात्र-छात्राएं आती हैं। प्राॅक्टर डॉ. रतन मंडल ने कहा कि घटना के बारे में जानकारी मिली है। छात्र पर विवि अपने स्तर से भी कार्रवाई करेगा। विवि थाने के थानेदार ने कहा कि शिक्षक का अावेदन मिला है।

