सूबे के न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव जारी है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी लेकिन शनिवार की सुबह न्यूनतम तापमान में आंशिक वृद्धि हुई, जबकि अधिकतम तापमान में राज्यभर में कमी आई है। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र ने एक बार फिर अगले 48 घंटों में न्यूनतम पारे में दो डिग्री तक गिरावट का अनुमान लगाया है। पारे में उतार-चढ़ाव के कारण लोग परेशान हैं।
मौसमविदों के अनुसार पछुआ हवाओं के प्रवाह में कमी और तेजी का असर सूबे के मौसम पर पड़ रहा है। दिन में आसमान साफ रहने से सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ रही हैं, जिससे धूप में तल्खी रह रही है। जबकि शाम ढलते ही वातावरण में उष्णता की कमी से ठंड बढ़ जा रही है।
मौसमी सिस्टम यह बता रहे कि अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में फिर से कमी आएगी। यह कमी राज्यभर में होगी। उत्तर-पश्चिमी हवा का प्रवाह बढ़ने और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की वजह से पारे में गिरावट आएगी। शनिवार को सबसे ज्यादा ठंडा सीवान का जीरादेई रहा। यहां न्यूनतम पारा 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद पूसा सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन शहरों के अधिकतम तापमान में आई गिरावट
पिछले 24 घंटों में दिन में पछुआ हवा के प्रवाह से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। पटना में अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री, बक्सर में 3.4, औरंगाबाद में 3.5, नालंदा में 1.7, गया में 2.3, बेगूसराय में 2.3, गोपालगंज में 1.8, पश्चिमी चंपारण में 2.6, वाल्मीकिनगर में 1.4, वैशाली में 2.2, पूसा में 1.6, सीतामढ़ी में 3.1, नवादा में 1.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई।
ऐसा रहा प्रमुख शहरों का पारा
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 23.8 14.2
गया 22.2 12
भागलपुर 24.4 12.8
पूर्णिया 25.2 10.6

