नवगछिया। नवगछिया की सब्जी मंडी का काया कल्प हो रहा है। ‘नई सब्जी हाट में गंदगी व बदबू का अंबार’ शीर्षक खबर छपने के बाद नगर परिषद हरकत में आई और दो दिनों मे सब्जी हाट को सुंदर बनाने में जी जान से लगी हुई है। नए सब्जी हाट में गंदगी वाले स्थानों पर दो ट्रैक्टर से मिट्टी डालकर उसको समतल बनाया गया। वहीं दो ट्रैक्टर से ईंट गिरकर भरी हुई मिट्टी पर ईंट बिछाकर सब्जी दुकानदारों के बैठने लायक बनाया गया। मंगलवार को भी ईंट बिछाने का काम मजदूर कर रहे था। वहीं किनारे में मिट्टी डाली जा रही थी। नगर परिषद के द्वारा सब्जी मंडी से गदंगी हटाते हुए पूरे स्थल को स्वच्छ बनाया गया है और सब्जी मंडी में सभी दुकानों को अंडरलाइन करते हुए नंबर को लिख दिया गया है।
Total Downloads: 102
माइकिंग कर नए सब्जी मार्केट में जाने की कर रहे है अपील :
नगर परिषद द्वारा कई दिनों से लगातार माइकिंग कर सब्जी दुकानदारों से निर्धारित दुकानों पर जाने की अपील की जा रही है। मंगलवार को भी नगर परिषद कार्यपालक सुमित्रा नंदन ने नवगछिया पुलिस के साथ जाकर सब्जी दुकानदारों से नए सब्जी हाट में दुकान लगाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आप लोग बुधवार को निर्धारित सब्जी हाट में ही दुकान लगाए। नए सब्जी हाट में साफ-सफाई करवा दी गई है। साथ ही अन्य सुविधाएं भी बहाल की जा रही है। स्टेशन रोड में दुकान लगाने से रोजाना जाम लगता है लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
नए सब्जी हाट में दूर हो बिजली पानी की समस्या :
वहीं सब्जी दुकानदारों का कहना है कि सब्जी दुकान नये हाट में स्थानांतरण के पूर्व बिजली, पानी के साथ साफ सफाई का भी आश्वासन दिया गया था जो पूरा नहीं हुआ। नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि डब्लू यादव ने कहा कि पूर्व में नए सब्जी हाट में सब्जी दुकानदारों को दुकान आवंटित करने के पहले उनको बिजली पानी के साथ साथ गंदगी से निजात दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक यह व्यवस्था नहीं हो पाई है।

सब्जी दुकानदार सब्जी हाट में जाने से पहले यह व्यवस्था दिए जाने की मांग कर रहे हैं। सब्जी हाट जाने वाले दूसरे रास्ते को भी रेलवे ने बंद कर दिया है। वहां अभी भी बदबू होने की बात सब्जी दुकानदार बता रहे हैं। पार्षद मुन्ना भगत ने कहा कि हाट के दूसरे रास्ते में अभी भी गंदगी है। शौचालय का गंदा पानी बदबू करता है। बिजली पानी के साथ साथ रास्ते की गंदगी को साफ करवाया जाए तो हमलोग सब्जी दुकानदारों से नए सब्जी हाट में दुकान लगाने का अनुरोध कर सकते हैं।
