मतदान में अधिक से अधिक मतदाताओं को जोड़ने के लिए चुनाव आयोग ने वोटरों को जागरूक करने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन करने का अभियान प्रारंभ किया है। इसके लिए चुनाव आयोग के थीम को ध्यान में रखते हुए 15 मार्च तक आवेदन करने को कहा गया है।
Total Downloads: 102
जिला निर्वाची पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि इसमें पांच तरह की प्रतियोगिताएं होंगी। प्रश्नोत्तरी, वीडियो निर्माण, पोस्टर डिजाइन, गीत व स्लोगन प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें सभी आयु वर्ग व समूह के लोग भाग ले सकते हैं। मेरा वोट, मेरा भविष्य- एक वोट की शक्ति नामक थीम प्रतियोगिता में भाग लें और लाखों का इनाम जीतें। आवेदन 15 मार्च तक ईसीआई के वेबसाइट पर किया जा सकता है।
तीन श्रेणियों में आयोजित होगी प्रतियोगिता
भारत सरकार द्वारा आयोजित प्रतियोगिता परीक्षा तीन स्तर यानी संस्थागत, पेशेवर और शौकिया श्रेणियों में आयोजित होगी। संस्थागत कैटेगरी के तहत संगीत में प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार तथा तृतीय पुरस्कार 30 हजार रुपये दिए जाएंगे। पेशेवर कैटेगरी में प्रथम पुरस्कार 50, द्वितीय पुरस्कार 30 हजार व तृतीय पुरस्कार 20 हजार रुपए दिए जाएंगे।

इसी तरह संगीत के शौकिया कैटेगरी में प्रथम पुरस्कार, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार क्रमश: 20 हजार, 10 हजार तथा 7500 रूपए दिए जाएंगे। इसके साथ की वीडियो निर्माण में अधिकतम दो लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रेस कांफ्रेंस में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी और डीपीआरओ आलोक कुमार भी मौजूद रहे।
