67वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को होगी। भागलपुर और नवगछिया में 55 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। भागलपुर कोषागार से परीक्षा सामग्री नवगछिया के केन्द्रों पर भेजी जाएगी। परीक्षा सामग्री में जाम बाधक नहीं बने। इसके लिए शनिवार की रात दो बजे से रविवार को दोपहर 12 बजे तक विक्रमशिला पुल पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गयी है। पुल पर पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गयी है।
Total Downloads: 166
परीक्षा में 27280 छात्र शामिल होंगे। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा संचालन के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है। 21 जोनल सह गश्ती दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। परीक्षा में विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए डीएम सुब्रत कुमार सेन ने आदेश जारी किया है। परीक्षा केन्द्र पर प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारी को प्रेक्षक के रूप में दायित्व का निर्वाहन के लिए अधिकृत किया गया है। मजिस्ट्रेट को केन्द्र पर सुबह 10 बजे उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। केन्द्राधीक्षकों को सुबह 9.30 बजे परीक्षा केन्द्रों पर उपस्थित होने को कहा गया है। परीक्षा केन्द्र के गेट पर परीक्षार्थियों की जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण, डिजिटल डायरी, पामटॉप, पीडीए, सादा कागज आदि के साथ परीक्षा केन्द्र के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा कक्ष में उपस्थिति के बाद परीक्षा अवधि में किसी भी परीक्षार्थी को केन्द्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। केन्द्राधीक्षकों को परीक्षा से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराया गया है। केन्द्राधीक्षकों को परीक्षा केन्द्रों पर कोविड 19 के गाइड लाइन का पालन करने का निर्देश दिया गया है। तिलकामांझी टीओपी प्रभारी विशेष कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश के आलोक में देर रात से भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गयी है। परीक्षा को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने नवगछिया के सभी केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र अधीक्षक एवं शिक्षकों के बारे में जानकारी ली।

परीक्षा केन्द्रों के आसपास धारा 144 लागू:
शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए भागलपुर सदर एसडीओ और नवगछिया एसडीओ ने परीक्षा केन्द्रों के आसपास धारा 144 लागू किया है। परीक्षा केन्द्र के आसपास फोटो कॉपियर दुकान परीक्षा अवधि के दौरान पूर्णत: बंद रहेगी। उस क्षेत्र में कोई भी फैक्स मशीन परीक्षा से संबंधित सामग्री का कॉपी आदि का काम नहीं करेगी। पांच या पांच से अधिक व्यक्ति के एक साथ इकट्ठा होने पर रोक रहेगी।
सड़कों पर होगा परीक्षार्थियों का रैला:
रविवार को शहर की सड़कों पर परीक्षार्थियों का रैला होगा। 27 हजार से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। उनके साथ अभिभावक भी आए हैं। परीक्षा एक पाली में 12 बजे से शुरू होगी। इसके चलते सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों पर जाने के लिए पहले निकलना होगा।
