नवगछिया। नवगछिया बाजार के गोशाला में रह रहे कटाव पीड़ित मिल्की निवासी ध्रुव भगत की हत्या सगे छोटे भाई और उसकी पत्नी ने कर दी। घटना घर में पपीता के पेड़ उखाड़ने और लकड़ी की सिल्ली रखने के कारण घटी। भाइयों के बीच लड़ाई के समय घर को भीतर से बंद कर दिया गया था। घटना के बाद मृतक की पत्नी और मां की चीख से आसपास के लोग जुटे और जमीन पर गिरे ध्रुव भगत को अनुमण्डल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Total Downloads: 176
घटना की सूचना पर मुखिया प्रतिनिधि पप्पू यादव अन्य बुद्धिजीवियों के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत करवाया। सूचना मिलते ही नवगछिया थनाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल और लोगों से पूछताछ की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ने आरोपी छोटे भाई राकेश भगत और उसकी पत्नी रोशनी देवी को हिरासत में लिया। थानाध्यक्ष ने मृतक की पत्नी जूली देवी से पूछताछ की। उसने बताया कि घर के आंगन में मैंने पपीता का पेड़ लगाया था। उसे काटकर हटा दिया। सिल्ली रखी थी तो उस पर भी दोनों भाई राकेश और त्रिलोकी ने अपनी पत्नी के साथ एक माह पूर्व भी मेरे पति से मारपीट की थी। आज पपीते के पेड़ को लेकर लड़ाई हुई तो रूम बंद कर राकेश, उसकी पत्नी रोशनी देवी और छोटे भाई त्रिलोकी की पत्नी मीरा देवी ने मारपीट शुरू कर दी। मैं गर्भवती हूं, इसलिए मैं उठ नहीं पाई और तीनों ने मिलकर मेरे पति को मार डाला। वहीं मृतक की बूढ़ी मां आशा देवी ने रो-रोकर कहा कि मेरे दोनों बेटे की पत्नी और राकेश ने मेरे बेटे को पपीता और सिल्ली के लिए मार डाला।
गर्भवती पत्नी बार-बार हो रही थी बेहोश
अपने पति की मौत के गम में पत्नी जूली देवी बार-बार बेहोश हो रही थी। उसकी हालत नाजुक होता देख उसको स्लाइन चढ़ाया जा रहा था। वह बार-बार अपने पति को खोज रही थी। वहीं प्रियांश और लक्ष्मी भी अपने पिता के शव पर फूट फूटकर रो रही थी। मृतक की मां का भी रो रो-कर बुरा हाल था। घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा थी।

भौजी कथि ले कानै छो दै देभौं सिंदूर:
पिटाई में पति की जमीन पर गिरने पर जब पत्नी जूली देवी चिल्लाई तो राकेश ने कहा कि भौजी कथि ले कानै छो। पति मरी जैतो त सिंदूर दै देभौं। छोटे भाई की मानसिक विकृति देखकर लोगों को हैरानी हुई। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत भूषण ने बताया कि मृतक की पत्नी का बयान दर्ज किया गया है। प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
