नारायणपुर (नवगछिया) । भवानीपुर पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य रमेश कुमार रविदास की प्रेम-प्रसंग में बदमाशों ने हत्या कर शव को गायब कर दिया। इस बाबत मृतक की मां मीना देवी ने भवानीपुर थाना में 12 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। जिनमें गोपाल दास, धरम रविदास, राजीव यादव उर्फ चनवा, पिंकी देवी, उमा देवी, शंभू दास, रंजीत दास, अनिल दास, रतन दास, छोटू कुमार, दिनकर व बंटी को आरोपी बनाया गया है। पीड़ित परिजनों ने भवानीपुर पुलिस व नवगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार को घटना की पूरी जानकारी दी है।

परिजनों के अनुसार प्रेमिका नगरपारा उत्तर पंचायत के नारायणपुर निवासी धरम रविदास की पत्नी पिंकी देवी है, जो तीन बच्चों की मां है। ढाई माह पहले भवानीपुर थाना में इसी प्रेम-प्रसंग को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि 18 अक्टूबर को रमेश कुमार रविदास को प्रेमिका ने अपने मायके इस्माईलपुर थाना के बांसगाड़ा बुलाया और अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर शव को गंगा नदी में फेंक दिया।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर भवानीपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार साह के नेतृत्व में पुलिस ने बांसगाड़ा से प्रेमिका को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। उसके आंगन से मृतक का टीशर्ट बरामद किया गया है। थानाध्यक्ष ने महिला को एक साल के बच्चे के साथ न्यायिक हिरासत में नवगछिया जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

प्रेम-प्रसंग में आर्मी की नौकरी छोड़ी

रमेश कुमार रविदास पिछले पांच वर्षीय पंचायती राज में पंचायत समिति सदस्य बना था। उसकी आर्मी में नौकरी भी लगी थी लेकिन प्रेम-प्रसंग के कारण उसने नौकरी छोड़ दी। बूढ़ी मां व भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। मां ने बेटे के हत्यारों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। रमेश घर का बड़ा बेटा था। उसी की कमाई से घर परिवार चलता था। छात्र नेता अजय रविदास ने बताया कि पूर्व समिति सदस्य की हत्या बदमाशों ने बेहरमी तरीके से कर दी और शव को गंगा नदी में फेंक दिया।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इससे पूर्व भी भवानीपुर थाना में उपरोक्त मामले को लेकर पंचायत हुई थी। महिला का ससुराल नारायणपुर में है जबकि मायका बसगढ़ा, इस्माईलपुर है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *