नवगछिया । नवगछिया शहर में इन दिनों जाम के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर की सभी सड़कों पर इन दिनों भीषण जाम लग रहा है। मंगलवार को स्टेशन रोड सहित मुख्य सड़क पर दिनभर जाम लगता रहा। आसपास तथा सीमावर्ती इलाकों से बाजार करने आये लोग जाम से खासे परेशान दिखे। सीमावर्ती जिलों के इलाकों का एक मात्र बाजार होने के कारण शादी ब्याह के मौके पर लोग खरीदारी करने बाजार आये थे। जाम में घंटों फंसने के बाद ये लोग खरीदारी भी नहीं कर पाए और वापस लौटना पड़ा।
Total Downloads: 93
शादी की खरीदारी करने आये कुर्सेला कटिहार के लोगों ने बताया कि घर में शादी है। कपड़े सहित जेवरात की खरीदारी करने आये थे। रंगरा चौक के बाद से ही एनएच 31 पर भीषण जाम लगा हुआ है। बाजार आते आते शाम हो गया। बाजार में भी इतनी भीड़ थी कि खरीदारी नहीं कर पाये।
भागलपुर से नवगछिया आने में लगे चार घंटे
विक्रमशिला सेतु पर एक चार पहिया वाहन के खराब होने के बाद सेतु पर लगा जाम धीरे धीरे बढ़कर तेतरी जीरोमाइल तक पहुंच गया। जाम का कारवां जीरोमाइल के चारों ओर फैलने लगा और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में पूर्णिया, कटिहार से भागलपुर जानेवाले लोगों को घंटों जाम में फंसने के बाद घोर परेशानी उठानी पड़ी। लोगों का मिनटों का सफर तय करने में घंटों लग रहे थे। जाम के कारण पहुंच पथ पर वाहनों की तीन-तीन कतारें लग गयीं। जिससे लोगों को घोर परेशानी उठानी पड़ी। तेतरी जीरोमाइल के बाद एनएच 31 पर भीषण जाम लग गया जो बढ़ते-बढ़ते नवगछिया से मकन्दपुर होते हुए रंगरा तक चला गया। जाम में कई बसें फंसी रही और यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

जाम में फंसे पूर्व सांसद, कई पदाधिकारी
जाम में पूर्व सांसद अनिल यादव भी घंटों फंसे रहे और समय पर स्टेशन नहीं पहुंच पाये। पूर्व सांसद ने कहा कि जाम में फंसे लोगों का बुरा हाल था और रायफल लिए पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने हुए थे। फोन करने पर पुलिस पदाधिकारी फोन नहीं उठा रहे थे। वहीं भाजपा नेता सुबोध सिंह कुशवाहा ने कहा कि लग्न के कारण जाम लगता है। वहीं पुलिसकर्मियों द्वारा वसूली किये जाने से भी जाम लगता है।
