नवगछिया । विक्रमशिला पुल पर ट्रक चालक से लूटपाट करने वाले बाइक सवार बदमाश नवगछिया की तरफ भाग निकले थे। सोमवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे घटना हुई। बांका के रहने वाले ट्रक चालक सदानंद परैया ने इसको लेकर बरारी थाने में मंगलवार को केस दर्ज कराया है। चालक का कहना है कि वह कुर्सेला के रहने वाले ट्रक मालिक सोनू कुमार के साथ नवगछिया से देवघर जा रहा था।
विक्रमशिला पुल के पाया संख्या 126 के पास काले रंग की अपाची बाइक से तीन बदमाशों ने ट्रक को रोक दिया। एक बाइक पर ही रहा जबकि उनमें से दो लोग ट्रक के अंदर घुस गए और जेब से 10 हजार रुपए और ट्रक मालिक के जेब से मोबाइल लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बाइक पर बैठे और तीनों नवगछिया की तरफ भाग निकले।
ट्रक चालक का कहना है कि भाग रहे बाइक सवार बदमाशों का उसने काफी दूर तक पीछा किया पर वे भागने में सफल रहे। केस दर्ज करने के बाद बरारी पुलिस घटना की जांच में जुटी है। लूट गए मोबाइल का ब्योरा साइबर सेल भेजा गया है ताकि उसके ऑन होते ही लोकेशन का पता चल सके।


