इलाज के लिए गुवाहाटी जा रही महिला की ट्रेन में मौत, नवगछिया स्टेशन पर उतारा गया शव
नवगछिया। इलाज के लिए पति के साथ गुवाहाटी जा रही एक महिला की रानी कमलापति एक्सप्रेस में मौत हो गई। मृतका की पहचान समस्तीपुर निवासी सुरेश शर्मा की पत्नी मीरा देवी के रूप में हुई है। नवगछिया स्टेशन पर आरपीएफ ने ट्रेन से शव उतारा।
जानकारी के अनुसार, सुरेश शर्मा अपनी बीमार पत्नी मीरा देवी को इलाज के लिए गुवाहाटी ले जा रहे थे। दोनों का रिजर्वेशन अवध-असम एक्सप्रेस में था, लेकिन ट्रेन में अधिक भीड़ होने के कारण वे उसमें सवार नहीं हो सके। इसके बाद पीछे से आ रही रानी कमलापति एक्सप्रेस में सवार होकर गुवाहाटी के लिए रवाना हुए।
मीरा देवी कई दिनों से बीमार थीं और काफी कमजोर हो चुकी थीं। पसराहा स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद नवगछिया स्टेशन पर आरपीएफ ने शव को ट्रेन से उतारा।

