भागलपुर। टीएनबी कॉलेज स्टेडियम में खेले जा रहे कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को दूसरा सेमीफाइनल खेला गया। मारवाड़ी कॉलेज की टीम ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी व बेहतर क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन करते हुए जीबी कॉलेज की टीम को 149 रनों से पराजित कर फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही। मंगलवार को टीएनबी कॉलेज व मारवाड़ी कॉलेज की टीम के बीच खिताबी जंग खेला जायेगा। प्रतियोगिता की मेजबानी महादेव सिंह कॉलेज कर रहा है।
टॉस जीत कर मारवाड़ी कॉलेज टीम के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 40 ओवर में छह विकेट खोकर 326 रनों का स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजी में विष्णु कुमार ने 60, विकास ने 58, मलय राज ने 50 व अनुभव सिंह ने 50 रनों की दमादार बल्लेबाजी की। गेंदबाजी में जीबी कॉलेज की तरफ से धीरज व सिद्धार्थ ने क्रमश: दो-दो विकेट चटकाये।
जवाब में जीबी कॉलेज की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद 35 ओवर में सभी विकेट खोकर 177 रनों का स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजी में अनुराग ने 71 रनों का महत्वपूर्ण पारी खेली। गेंदबाजी में मारवाड़ी कॉलेज की तरफ से मलय कुमार ने पांच विकेट चटकाया। मैच में अंपायरिंग अभय कुमार व राजेश मंडल ने किया। स्कोरिंग धर्मंजय ने की। मौके पर डॉ मुश्फिक आलम, प्रो हलीम अख्तर, प्रो पूर्णेंदू शेखर, डॉ राजेश राय, डॉ आनंद मिश्रा आदि मौजूद थे।


