नवगछिया में रफ्तार के कहर ने मां बेटे समेत तीन की जान ले ली। परिवार बच्चे का मुंडन संस्कार करवाकर घर लौट रहा था। रास्ते में हाइवा ने उनके ऑटो को कुचल दिया। इस दुर्घटना में 10 लोग जख्मी हो गए जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भागलपुर स्थित कुप्पाघाट में मुंडन कराने के बाद घर लौट रहे अररिया के मां,बेटे सहित तीन लोगों की मौत सड़क दुर्घटना में हो गयी। दुर्घटना में 10 अन्य लोग घायल हैं। जिनका इलाज मायागंज अस्पताल भागलपुर और नवगछिया में चल रहा है। दुर्घटना नवगछिया के रंगरा में सोमवार की सुबह करीब नौ बजे हुई। सभी लोग अररिया के रहने वाले हैं जो मुंडन के लिए भागलपुर आए थे।

दुर्घटना में देवेंद्र यादव (42), उनकी मां साधिया देवी (65) और देवेंद्र की सास चंद्रा देवी (62) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में देवेंद्र यादव की पत्नी सुनीता देवी, देवेंद्र का भाई बाबूलाल, देवेंद्र की बेटी मौसम, निशा कुमारी, बेटा मुकेश, मनोज के साथ ही बाबूलाल का बेटा राहुल और राजा जख्मी हुए गए हैं। सुनीता देवी, बाबू लाल और मौसम कुमारी का मायागंज स्थित अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि अन्य घायलों का इलाज नवगछिया के सरकारी अस्पताल में किया जा रहा है।

दुर्घटना में जख्मी बाबूलाल ने बताया कि वे लोग भतीजा और देवेंद्र यादव के 10 वर्षीय बेटे मुकेश का मुंडन कराने के लिए ऑटो से भागलपुर आए थे। सोमवार की सुबह कुप्पाघाट में मुंडन कार्यक्रम पूरा होने के बाद वे सभी ऑटो से वापस लौट रहे थे। तभी रंगरा में हाईवा ने उनके ऑटो में ठोकर मार दी जिससे उनका ऑटो पलट गया और दुर्घटना हुई।

सभी जख्मी अररिया जिले के फुल्काहा के नवाबगंज के रहने वाले हैं। घटना के बाद काफी समय तक आवागमन बाधित रहा। ठोकर मारकर हाइवा चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को जब्त कर लिया है। मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है।  तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी पुलिस कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *