नवगछिया । रंगरा थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात भवानीपुर निवासी अपराधी कुमोद यादव को चार आग्नेयास्त्र और दर्जनों कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। बुधवार को नवगछिया पुलिस अधीक्षक सुशांत कुमार सरोज ने रंगरा थाना में प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।
Total Downloads: 79
एसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष रंगरा बिट्टू कमल को सूचना मिली कि कुमोद यादव हथियार के साथ घर पर है। सूचना पर पुलिस ने भवानीपुर स्थित कुमोद यादव के घर छापेमारी की। इस दौरान कुमोद यादव पुलिस टीम को देखते ही वहां से भागने लगा। जिसे मौजूद सशस्त्र बलों में खदेड़कर पकड़ लिया। वहीं उसके घर की तलाशी लेने पर बिस्तर के नीचे थैले में छिपाकर रखा हुआ तीन देसी कट्टा, एक विंडोलिया में रखा 20 कारतूस बरामद हुआ। वहीं दूसरे कमरे में रखा ट्रंक से एक मास्केट बरामद हुआ। मामले को लेकर रंगरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कुमोद यादव को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसपी ने कहा कि गिरफ्तार कुमोद यादव को स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलाई जाएगी।
एसपी ने बताया कि कुमोद यादव पर रंगरा थाना में पूर्व से आपराधिक कांड दर्ज हैं। 2017 में आर्म्स एक्ट मामले में जेल भी काट चुका है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल, पुअनि चंदन कुमार, सअनि ललन झा एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

प्रेस कांफ्रेंस में नवगछिया पुलिस अधीक्षक के अलावा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार, इंस्पेक्टर राकेश रंजन सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
