नवगछिया । सोनपुर मंडल अपने यात्रियों की सुविधा के लिए हमेशा प्रयासरत रहता है। बुधवार को दैनिक रेल यात्रियों को अनारक्षित टिकट सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बेगूसराय स्टेशन पर तीन, मानसी स्टेशन पर दो और नवगछिया स्टेशन पर दो आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन स्थापित की गई। जिससे अब यात्री सामान्य श्रेणी की टिकट और प्लेटफार्म टिकट आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
रेल यात्रियों को अब बेगूसराय, मानसी और नवगछिया स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट तथा प्लेटफार्म टिकट प्राप्त करने के लिए लंबी कतारों में लगने से निजात मिलेगी। यात्री इस मशीन की सहायता से अपना आरक्षित टिकट के पीएनआर की अद्यतन जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
यात्री रेलवे स्मार्ट कार्ड और क्यूआर कोड-यूपीआई आधारित भुगतान सुविधा का उपयोग कर टिकट खरीद सकते हैं। यह मशीन केवल अनारक्षित टिकट ही प्रदान करेगी। इस मशीन से आरक्षित टिकट नहीं मिलेगा।


