नवगछिया । गोपालपुर थाना के मकंदपुर चौक पर गुरुवार की सुबह आठ बजे बेखौफ बदमाशों ने युवक आकाश कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली उसके पेट में लगी है। बताया जाता है कि मोबाइल पर गेम खेलने के दौरान बदमाशों से विवाद हुआ। उसे घायलावस्था में अनुमंडल अस्पताल लाया गया जहां से उसको मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर किया गया। भागलपुर से उसे पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
एसपी सुशांत कुमार सरोज ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि घायल युवक को मायगंज से पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद गोपालपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार, दारोगा मनी पासवान, भगवान सिंह ने घटना में शामिल राजा कुमार पिता नागेश्वर साह, रौशन कुमार पिता मांगन साह, सरोज कुमार पिता स्व. लक्ष्मी साह सभी सिंघिया मकंदपुर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी विशाल कुमार फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा और गोली बरामद किया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घायल आकाश कुमार शशि भूषण साह के चाय नाश्ते की दुकान पर दो दोस्तों के साथ मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी बीच राजा नाम के युवक से किसी बात को लेकर विवाद होने पर वह उससे उलझ गया। इसके बाद राजा ने उसे गोली मार दी। गोली उसके पेट के नीचे लगी है। सूचना पर पहुंची गोपालपुर पुलिस और एसटी-एससी थाना के थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे भागलपुर रेफर कर दिया है।

मां पूनम कुमारी ने बताया कि आकाश नौवीं कक्षा का छात्र है। वह सुबह ट्यूशन पढ़कर घर आया था। उसके बाद मोबाइल लेकर चौक पर अपने दोस्त से मिलने गया था। घटना किस कारण से हुई है, हमें पता नहीं है। वहीं घटना के बाद मकंदपुर चौक पर अफरातफरी मच गयी। घायल के पिता संतोष साह नवगछिया एससी-एसटी थाना में होमगार्ड के जवान हैं।

