नवगछिया । नवगछिया पुलिस जिला में सड़कों पर ट्रकों से वसूली करनेवालों पर पुलिस का डंडा जोरों से चल रहा है। भ्रष्टाचार को रोकने के लिए एसपी सुशांत कुमार सरोज ने कड़े कदम उठाए हैं। इस संबंध में एक निजी चैनल पर रुपया लेनदेन का आरोप लगाए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी द्वारा मामले की जांच कराने के उपरांत जाह्नवी चौक स्थित टीओपी प्रभारी सतीश कुमार सिंह और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही वहां पर प्रतिनियुक्त होमगार्ड जवान को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं बिहपुर थाना के दारोगा नवीन कुमार को टीओपी प्रभारी बनाया गया है।
क्या है मामला
एक निजी चैनल पर टीओपी प्रभारी द्वारा ओवरलोड ट्रक को रोककर रुपए लेनदेन का वीडियो वायरल हुआ था। जांच में रुपये के लेनदेन की बात नहीं पायी गयी लेकिन टीओपी प्रभारी की स्थिति संदिग्ध पायी गयी। इसी को देखते हुए जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गयी है। इस कार्रवाई से नवगछिया पुलिस महकमे में हडकम्प मचा हुआ है।
कहते हैं एसपी
एसपी ने कहा कि टीओपी पुलिस पर पैसा लेनदेन के आरोप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चल रहा था। इस मामले की जांच करवायी गयी तो जांच में रुपये के लेनदेन की बात सामने नहीं आई लेकिन जांच रिपोर्ट में पुलिस पदाधिकारियों की स्थिति संदिग्ध पाई गई। पुलिस पदाधिकारियों की संदिग्ध स्थिति पाया जाना गलत है, इसीलिए कार्रवाई की गयी।


