नवगछिया : मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के झील चौक स्थित बस स्टैंड के पास मंगलवार को एक बेकाबू मिनी ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान JNKT मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान भागलपुर के सोनबरसा निवासी अजीत कुमार के बेटे अभिषेक कुमार(23) के रूप में हुई है।
बताया गया कि अभिषेक आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस कंपनी में फील्ड वर्कर के रूप में काम करता था। मंगलवार की सुबह ऑफिस से वह फील्ड में कलेक्शन के लिए निकला था। ऑफिस से लगभग 200 मीटर आगे बस स्टैंड पर सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी कर अभिषेक फोन पर बात करने लगा। इसी दौरान एक तेज रफ्तार चार पहिया मिनी ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे युवक बुरी तरह जख्मी हो गए और बाइक क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद ट्रक चालक फरार
ट्रक चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने उनके ऑफिस को इसकी जानकारी दी। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। ऑफिस कर्मी और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे मुरलीगंज सीएससी पहुंचाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसके नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मुरलीगंज थाने की पुलिस ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है।


