अगर आप आधार कार्ड से जियो की सिम लेने जा रहे हैं तो सावधान रहें। एक आधार से छह सिमें जारी हो सकती हैं। रिटेलर और एजेंट धोखे से बार-बार आपका अंगूठा लगवाकर सिम दूसरों को बेच सकता है। क्राइम ब्रांच ने ऐसे ही गिरोह का पर्दाफाश किया है जो दूसरों के आधार कार्ड और अंगूठे के निशान से सिम प्री एक्टिवेट कर लेता था। इस बारे में एटीएस और खुफिया विभाग से जानकारी मिली थी।

डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्र के मुताबिक सूचना मिली कि जेल रोड पर केनोपी लगाकर पॉइंट ऑफ सेल के एजेंट फर्जी दस्तावेजों से जियो की सिम बेच रहे हैं। क्राइम ब्रांच ने कई दिनों तक निगरानी की और बुधवार को ग्राहक बन कर सिम खरीदी। जैसे ही धोखे से सिम बेचने की पुष्टि हुई, पुलिस ने राम हेमनानी निवासी प्रजापति नगर, नीरज ननवाल निवासी गौतमपुरा, दीप वाधवानी निवासी एलआईजी कॉलोनी, सुनील चौहान निवासी पालदा, रणजीतसिंह राठौर निवासी राजनगर और प्रवीण राठौर निवासी राजनगर को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्हें रोज 50 सिम एक्टिवेट करने का टारगेट दिया जाता है। इसके लिए दूसरों के आधार कार्ड से पांच-छह सिम एक्टिवेट कर तीन सौ से एक हजार रुपए में बेच देते थे।

एएसपी के मुताबिक सभी आरोपी जेल रोड पर मोबाइल शो-रूम के सामने केनोपी लगाकर जिओ की सिम बेचते थे। खरीदने के लिए आधार कार्ड और थम इम्प्रेशन जरूरी है। आरोपी बहाने से बायोमेट्रिक मशीन पर उपभोक्ता का अंगूठा बार-बार लगवाकर कई सिम एक्टिवेट कर लेते थे। उपभोक्ता को भनक भी नहीं लगती थी। बगैर पेपर के सिम खरीदने वाले ग्राहकों से मनमाने दाम वसूले जाते थे।

सिमें जब्त

14- एक्टिवेट सिम

332- ब्लैंक सिम

ऐसे कर सकते हैं जांच

जियो ग्राहक ‘मायजिओ.कॉम’ वेबसाइट लॉगइन कर खुद का अकाउंट बना लें। ऑप्शन में जाकर आधार (यूनिक आईडी) नंबर दर्ज करें। इसमें उक्त नंबर पर एक्टिवेट सिमकार्ड की जानकारी मिल सकती है।

यह सावधानी रखें

सिम के लिए आधार कार्ड और वोटर आईडी की फोटो कॉपी पर साइन करें। दस्तावेज किस लिए दिया गया है, यह भी लिखें। सिम लेते वक्त ‘एक सिम प्राप्त हुई’ यह भी लिख दें, ताकि अन्य जगह उपयोग की आशंका घट जाती है।

कंपनी अधिकारियों पर भी शक

आरोपी जियो के कर्मचारी हैं। सुनील चौहान खुद को डिस्ट्रीब्यूटर बता रहा है। पूछताछ में संदीप नामक व्यक्ति का नाम सामने आया है। पुलिस उनकी जांच कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *