नवगछिया। बाल भारती नवगछिया में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) दक्षिण बिहार प्रांत के अभ्यास वर्ग के दूसरे दिन विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान ने “वंदे मातरम्” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरक शक्ति और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
Total Downloads: 84
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् ने देशवासियों में स्वतंत्रता, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह गीत आज भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के अवसर पर नगर-नगर तिरंगा यात्रा और वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।
वहीं, “संघ सृष्टि : संघ का 100वां वर्ष का गौरवशाली इतिहास” विषय पर दक्षिण बिहार के सह प्रांत प्रचारक आशीष कुमार ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों के इतिहास, राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान और संगठन की कार्यपद्धति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक सेवा, समर्पण और अनुशासन के भाव से कार्य कर राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री अनूप कुमार, प्रदेश मंत्री सुमित सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विनीत लाल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
