नवगछिया। अमर शहीद मुंशी पुस्तकालय, शहीद टोला नवगछिया में बुधवार को अमर शहीद मुंशी साह के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर देश की आजादी के लिए दिए गए उनके बलिदान को याद किया।
Total Downloads: 354
बताया गया कि अंग्रेजों के खिलाफ चल रहे स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान 11 अगस्त 1942 को नवगछिया के मालगोदाम में मुंशी साह को गोली लगी थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनका इलाज कराया गया, लेकिन 13 अगस्त 1942 को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। देश की आजादी के लिए उनके बलिदान की स्मृति में शहीद टोला नवगछिया में अमर शहीद मुंशी पुस्तकालय की स्थापना की गई है।
पुस्तकालय के ऊपरी तल पर अमर शहीद मुंशी साह की प्रतिमा स्थापित की गई है। शहादत दिवस के अवसर पर पुस्तकालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में पुस्तकालय के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त वीडीओ आरपी राकेश, जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव घनश्याम प्रसाद, वार्ड पार्षद अशोक जायसवाल, दयानंद प्रसाद, मुकेश कुमार, योग प्रशिक्षक धर्मचंद भगत, कुणाल कुमार, कुमारी सीता समेत स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि अमर शहीद मुंशी साह जैसे स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके त्याग और देशप्रेम को याद रखना समाज की जिम्मेदारी है।
