सांसद के ऑफिस में चोरी

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने गोड्डा से शातिर चोर अमन झा को दबोचा, सांसद के सुरक्षाकर्मी की पिस्टल समेत कई सामान बरामद।

भागलपुर के जदयू सांसद Ajay Kumar Mandal के आवास सह कार्यालय में हुई सनसनीखेज चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने झारखंड के Godda जिले के कटना दियारा गांव से आरोपी अमन झा को गिरफ्तार किया है। उसके पास से सांसद के सुरक्षाकर्मी की चोरी हुई पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 7 जून को तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित सांसद के आवास सह कार्यालय में चोरी की घटना हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर पुलिस लगातार जांच और छापेमारी में जुटी थी। तकनीकी साक्ष्यों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के दौरान दाढ़ी वाले एक संदिग्ध की पहचान अमन झा के रूप में हुई।

इसके बाद भागलपुर पुलिस की टीम ने गोड्डा मुफ्फसिल थाना पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से सांसद के सुरक्षाकर्मी निरंजन कुमार की सरकारी पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सांसद कार्यालय से सीसीटीवी डीवीआर, डेस्कटॉप मॉनिटर, कीबोर्ड समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी चोरी कर ले गया था। इसके अलावा सांसद के हस्ताक्षर वाले कई ब्लैंक लैटरपैड भी गायब मिले थे, जिसके दुरुपयोग की आशंका जताई गई थी।

सांसद अजय मंडल ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि घटना की रात उनके सुरक्षाकर्मी निरंजन कुमार किसी जरूरी कार्य से सर्किट हाउस गए थे। जाने से पहले उन्होंने अपनी सरकारी पिस्टल और कारतूस कार्यालय की आलमारी में रख दिए थे। इसी दौरान अपराधियों ने कार्यालय में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

सांसद ने यह भी आशंका जताई थी कि चोरों ने अपनी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले लिया था। वहीं, हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक लैटरपैड का गलत इस्तेमाल कर फर्जी पत्र जारी किए जाने की भी आशंका व्यक्त की गई थी।

तिलकामांझी थाना पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी तलाश की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....