मकनपुर चौक के गैरेज में मरम्मत के दौरान ट्रक में लगी भीषण आग, जलकर राख

नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के मकनपुर चौक के पास शनिवार को एक गैरेज में मरम्मत के दौरान ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मकनपुर चौक पर अफरा-तफरी मच गई। आग की तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गैरेज में ट्रक के इंजन की मरम्मत का काम चल रहा था। इस दौरान मिस्त्री गैस कटर की मदद से इंजन के एक हिस्से को काट रहे थे। तभी गैस कटर से निकली चिंगारी ट्रक के संपर्क में आ गई, जिससे अचानक आग लग गई। शुरुआत में आग की लपटें छोटी थीं, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक जलने लगा।

घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो बड़ी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

आग की भयावहता को देखते हुए चौक पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

गोपालपुर थाना प्रभारी रवि शंकर सिंह ने बताया कि ट्रक में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *