नवगछिया-भागलपुर जलमार्ग पर बढ़ेगी सुविधा, बेड़े में शामिल होगा पांचवां जहाज; मंगलवार से शुरू हो सकता है परिचालन
नवगछिया। भागलपुर और नवगछिया के बीच जलमार्ग से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। बियाडा जहाज घाट पर जहाजों के बेड़े में अब पांचवां जहाज एमवी राजेंद्र प्रसाद भी शामिल होने जा रहा है। पिछले 15 दिनों से घाट के पूर्वी छोर पर गाद में फंसे इस जहाज को रविवार देर रात कड़ी मशक्कत के बाद गहरे पानी में उतारने में सफलता मिली। इसके बाद जहाज के परिचालन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
Total Downloads: 456
पांचवें जहाज के परिचालन की तैयारी पूरी
जहाज को गाद से निकालने के बाद सोमवार को संचालक की ओर से उसकी साफ-सफाई कराई गई। साथ ही तकनीकी कमियों को भी दूर किया गया। एमवी राजेंद्र प्रसाद के संचालक विक्रांत वैभव ने बताया कि मंगलवार सुबह से भागलपुर और नवगछिया के बीच जहाज का परिचालन शुरू करने की तैयारी है।
उन्होंने बताया कि सुचारू परिचालन के लिए बियाडा जहाज घाट पर पांचवें जेटी का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। इससे जहाज को घाट के किनारे सुरक्षित तरीके से खड़ा करने में सुविधा मिलेगी। अभी घाट से एमवी राबिया-2, एमवी टाइडल वेव्स-5, एमवी टाइडल वेव्स-2 और एमवी स्वामी परमहंस का परिचालन किया जा रहा है। पांचवें जहाज के जुड़ने से यात्रियों को आवागमन के लिए एक और विकल्प मिलेगा।

जहाजों में यात्रियों की भारी भीड़
सोमवार को बियाडा जहाज घाट पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। भागलपुर से नवगछिया जाने वाले यात्रियों की संख्या इतनी अधिक थी कि नवगछिया की ओर से आकर घाट पर रुकने वाले जहाज कुछ ही मिनटों में यात्रियों से भर जा रहे थे। वापसी के दौरान भी नवगछिया से भागलपुर जाने वाले जहाजों में यात्रियों की खासी भीड़ देखने को मिली।
त्योहारों के दौरान बढ़ते आवागमन के दबाव के बीच जलमार्ग लोगों के लिए सुविधाजनक विकल्प बन रहा है। ऐसे में पांचवें जहाज का परिचालन शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
