भागलपुर। श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने शुक्रवार को साहिबगंज-भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर विशेष सघन टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले 372 यात्रियों से 3,83,135 रुपये जुर्माना वसूला गया।
Total Downloads: 72
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के नेतृत्व में चले इस अभियान के तहत सुल्तानगंज और भागलपुर रेलवे स्टेशन सहित कई प्रमुख ट्रेनों में टिकटों की गहन जांच की गई।
इन ट्रेनों में हुई विशेष जांच
रेलवे की टीम ने 12335 भागलपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस, 13334 पटना–दुमका एक्सप्रेस, 13409 मालदा टाउन–किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत इस रेलखंड से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों में भी टिकटों की जांच की।

रेलवे और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से चलाया अभियान
अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी और जवान संयुक्त रूप से शामिल रहे। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे भागलपुर रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज और मुख्य प्रवेश द्वार पर भी यात्रियों के टिकटों की जांच की गई।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा के 372 मामले पकड़े गए, जिनसे कुल ₹3.83 लाख का जुर्माना वसूला गया।
श्रावणी मेला तक जारी रहेगा अभियान
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेला समाप्त होने तक विशेष टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने की अपील करते हुए कहा कि इससे अनावश्यक जुर्माने से बचा जा सकेगा और भीड़ के बीच रेल यात्रा अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनी रहेगी।
