नारायणपुर। नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर हुए दर्दनाक ट्रक हादसे में जान गंवाने वाले दो बच्चों के परिजनों को प्रशासन की ओर से कुल 8 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई है। वहीं, हादसे के बाद भयभीत परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को खगड़िया की ओर से आ रहा बालू लदा एक अनियंत्रित ट्रक भवानीपुर थाना के सामने स्थित तीन झोपड़ियों पर पलट गया था। इस भीषण दुर्घटना में मलबे के नीचे दबकर दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया था।

घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंतित महादलित परिवारों ने रविवार सुबह अपने आशियाने को दूसरे स्थान पर ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया और आश्वस्त किया कि प्रशासन जल्द ही उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाने की व्यवस्था करेगा। इसके बाद परिवारों ने फिलहाल घर हटाने का निर्णय टाल दिया।

हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मृतक बच्चों के पिता गुड्डू मलिक को भागलपुर में कुल 8 लाख रुपये का चेक सौंपा। दोनों बच्चों के लिए 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

समाजसेवी सुमित यादव ने बताया कि भागलपुर के एडीएम दिनेश राम ने पीड़ित परिवार को मुआवजे का चेक सौंपा। इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल और आपदा अपर समाहर्ता कुंदन कुमार भी मौजूद रहे।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं का खतरा न रहे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....