नवगछिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर रविवार को नवगछिया के अजय ढाबा के समीप हुए सड़क हादसे में देवघर से जलाभिषेक कर लौट रहे पांच कांवरिया घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरे एक टेंपो की तेज रफ्तार पिकअप वाहन से आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों की पहचान पूर्णिया जिले के मरंगा निवासी शंभू महाल्दार (पिता- गणपति महाल्दार), गौरी देवी (46), चांदनी देवी (45), मीरा देवी (45) और रामानंद महाल्दार (55) के रूप में हुई है। सभी श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया। इसके बाद ट्रैफिक थाना पुलिस और रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा।

अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। फिलहाल सभी का उपचार जारी है।

दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए एनएच-31 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही ट्रैफिक थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार वारसी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रंगरा थाना पुलिस ने भी राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात व्यवस्था संभाली।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त टेंपो और पिकअप वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। ट्रैफिक थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार वारसी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....