बिहपुर: गुजरात के अहमदाबाद स्थित एक फैक्ट्री में करंट लगने से बिहार के भागलपुर जिले के बिहपुर प्रखंड के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनी ने शव परिजनों को सौंप दिया, जो सोमवार को पश्चिम बंगाल के दमदम एयरपोर्ट पहुंचा और वहां से एंबुलेंस के जरिए बिहपुर लाया गया।
Total Downloads: 163
मृतक की पहचान बिहपुर प्रखंड के बिहपुर मध्य पंचायत अंतर्गत बिक्रमपुर नयाटोला निवासी चाय दुकानदार मो. आलम उर्फ बबलू के 21 वर्षीय पुत्र अयूब उर्फ बंटी के रूप में हुई है। बताया गया कि अयूब अहमदाबाद की एक फैक्ट्री में कार्यरत था। तीन जुलाई को काम के दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन, प्रखंड उप प्रमुख एनामुल और पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि मो. जावेद अहमदाबाद पहुंचे। वहां आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रविवार को कंपनी ने शव परिजनों को सौंप दिया।

कंपनी की ओर से मृतक की मां के नाम एक लाख रुपये का मुआवजा चेक भी प्रदान किया गया। सोमवार दोपहर शव दमदम एयरपोर्ट पहुंचा, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से उसे बिहपुर के लिए रवाना किया गया।
युवा बेटे की असमय मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
