गोपालपुर । गोपालपुर प्रखंड मुख्यालय के समीप करीब तीन किलोमीटर लंबे ब्रह्मोत्तर बांध की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। बांध के कई हिस्सों से पानी ओवरफ्लो होकर तेजी से प्रखंड मुख्यालय की ओर बढ़ रहा है। यदि समय रहते पर्याप्त बचाव कार्य नहीं किया गया तो प्रखंड कार्यालय परिसर में भी बाढ़ का पानी घुसने का खतरा बना हुआ है।

इधर, सैदपुर-सुकटिया बाजार मुख्य सड़क पर भी पानी बहने लगा है। सड़क पर पानी आने से ग्रामीणों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद सोमवार को गोपालपुर के अंचलाधिकारी रौशन कुमार ने ब्रह्मोत्तर बांध का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद सैदपुर सहित आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में जल संसाधन विभाग के कैंप पहुंचे। ग्रामीणों ने बांध की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल फ्लड फाइटिंग शुरू कराने की मांग की। ग्रामीणों के दबाव के बाद बांध को बचाने के लिए बचाव कार्य शुरू किया गया।

समय पर बचाव कार्य नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी

ग्रामीणों का आरोप है कि बांध की स्थिति लगातार खराब होने के बावजूद समय रहते पर्याप्त बचाव कार्य नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक सह ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के अब तक प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने नहीं पहुंचने पर भी नाराजगी जताई।

सोमवार को कांग्रेस नेता शीतल प्रसाद सिंह ने ब्रह्मोत्तर बांध का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते बांध की मरम्मत और बचाव कार्य शुरू कर दिया जाता तो आज ऐसी गंभीर स्थिति पैदा नहीं होती।

वहीं ग्रामीण एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी पीयूष कुमार झा ने विधायक सह मंत्री बुलो मंडल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे केवल अपने क्षेत्र को बचाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्य प्रभावित इलाकों की स्थिति भी गंभीर है और जनप्रतिनिधियों को गोपालपुर, सैदपुर और रंगरा क्षेत्र का भी जायजा लेना चाहिए।

पीयूष कुमार झा ने प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बांध की गंभीर स्थिति के बावजूद कई लोग मौके पर पहुंचकर सिर्फ फोटो खींचकर लौट जा रहे हैं। ऐसे समय में दिखावटी निरीक्षण के बजाय ठोस बचाव कार्य की जरूरत है।

निचले इलाकों में बालू भरी बोरियों से रोका जा रहा पानी

जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि निचले इलाकों में पानी को रोकने के लिए बालू भरी बोरियां लगाई जा रही हैं। विभाग की टीम बांध की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार बचाव कार्य किया जा रहा है।

ब्रह्मोत्तर बांध से पानी के लगातार ओवरफ्लो होने के कारण आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों की मांग है कि बांध की संवेदनशील जगहों पर युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग कराई जाए, ताकि पानी को प्रखंड मुख्यालय की ओर बढ़ने से रोका जा सके।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *