नवगछिया। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने सोमवार को नवगछिया प्रखंड के कोसी पार कदवा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से बिजली, सड़क, शिक्षा और कोसी कटाव से जुड़ी समस्याएं रखते हुए स्थायी समाधान की मांग की।
Total Downloads: 141
भरोसा सिंह टोला स्थित शिव मंदिर परिसर में ग्रामीणों ने बिजली कटौती, लो वोल्टेज और जर्जर तारों की समस्या उठाई। लोगों ने जर्जर तारों को हटाकर कवरयुक्त तार लगाने की मांग की। वहीं मध्य विद्यालय भरोसा सिंह टोला और मध्य विद्यालय ठाकुरजी कचहरी टोला में शिक्षकों की कमी दूर कराने की मांग ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष रखी।
ठाकुरजी कचहरी टोला के ग्रामीणों ने कोसी नदी के कटाव से स्थायी बचाव की मांग की। इसके लिए बालू घाट से कंचनपुर कदवा तक बोल्डर पिचिंग और गाइड बांध निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा गया।

पावर स्टेशन के भूमि विवाद पर भी हुई चर्चा
इस दौरान क्षेत्र की बिजली समस्या के स्थायी समाधान के लिए निर्माणाधीन विद्युत पावर स्टेशन के भूमि विवाद पर भी चर्चा हुई। जमीन मालिक शशिधर यादव ने बताया कि संबंधित जमीन उनकी मां के नाम है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
मंत्री बुलो मंडल ने कहा कि आपसी सहमति से जमीन उपलब्ध होने पर पावर स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। यदि सहमति नहीं बनती है तो बिहार सरकार की दूसरी जमीन चिह्नित कर पावर स्टेशन निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
जर्जर सड़क और स्कूलों की समस्याएं भी उठीं
ग्रामीणों ने कोसी बांध से बिंदटोली कदवा तक जर्जर सड़क के निर्माण की मांग रखी। साथ ही बेलसंडी महादलित टोला को मुख्य सड़क से जोड़ने की भी मांग की गई।
लक्ष्मीनियां कदवा के ग्रामीणों ने विद्यालय में चारदीवारी, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग मंत्री के सामने रखी।
