नवगछिया। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए राजद नेताओं ने विक्रमशिला गंगा बेली पुल को कम-से-कम छठ पूजा तक आम लोगों के आवागमन के लिए चालू रखने की मांग की है। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम के माध्यम से राज्यपाल को पत्र भेजकर आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आग्रह किया गया है।
Total Downloads: 160
राजद नेता शैलेश यादव ने पत्र में कहा है कि विक्रमशिला गंगा बेली पुल गंगा नदी के उत्तर और दक्षिण क्षेत्र को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण सेतु है। इसके जरिए भागलपुर, नवगछिया समेत आसपास के करीब दस जिलों के लाखों लोगों का आवागमन होता है।
उन्होंने कहा कि पुल का परिचालन बंद होने से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों के साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पत्र में बताया गया है कि दुर्गा पूजा 21 अक्टूबर, दीपावली 8 नवंबर और छठ महापर्व 16 नवंबर को मनाया जाना है। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और गांवों की ओर आवागमन करते हैं। छठ के दौरान गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ जाती है।

राजद नेता गौतम प्रीतम ने कहा कि सितंबर-अक्टूबर में गंगा के जलस्तर में वृद्धि और बाढ़ की आशंका को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करना लोगों के लिए कठिन और जोखिमपूर्ण हो सकता है। पुल बंद होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने से जाम और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि नवगछिया क्षेत्र के किसान दूध, हरी सब्जियां और अन्य कृषि उत्पाद प्रतिदिन भागलपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में भेजते हैं। पुल बंद होने से कृषि उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित होने के साथ किसानों की आय पर भी असर पड़ सकता है।
राजद नेताओं ने पुल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तकनीकी निरीक्षण, निर्धारित भार सीमा, गति सीमा और यातायात नियंत्रण जैसे सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने का सुझाव दिया है। आवश्यकता पड़ने पर भारी वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करते हुए आवश्यक एवं सीमित यातायात जारी रखने का प्रस्ताव भी दिया गया है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अलख निरंजन पासवान, संजय कुमार मंडल, कपिल देव मंडल, हिमांशु यादव और केदार शर्मा मौजूद रहे।
