बिहार के मुंगेर जिले में पिछले सोमवार को दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और फायरिंग में एक युवक की मौत के बाद शहर की लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग ने मुंगेर के जिलाधिकारी (डीएम) राजेश मीणा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) लिपि सिंह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। डीएम और एसपी हटाए जाने के बाद गुरुरवार को डीआईजी मनु महाराज ने कमान संभाल ली। मुंगेर में गुरुवार फ्लैग मार्च निकाला गया। डीआईजी मनु महाराज खुद सुरक्षा बलों और पुलिस अफसरों संग सड़कों पर दौड़ते नजर आए।

वहीं दूसरी ओर चुनाव आयोग के निर्देश पर मुंगेर की नई डीएम रचना पाटिल और पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो नियुक्त किये गए। दोनों अधिकारियों ने गुरुवार को पटना एयरपोर्ट से मुंगेर के लिए उड़ान भरी। वे तत्‍काल प्रभाव से पदभार ग्रहण करेंगे। गौरतलब है कि मुंगेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में 26 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान हुयी फायरिंग में एक युवक की मौत हो गयी तथा छह अन्य घायल हो गये।

गुरुवार को अपर मुख्य निवार्चन पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि आयोग ने मुंगेर के हालात को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि आयोग ने मगध के प्रमंडलीय आयुक्त असंगा चुबा आओ को पूरे प्रकरण की जांच कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने का निदेर्श दिया।

इस पूरे मामले को लेकर डीएम राजेश मीणा और एसपी लिपि सिंह ने बताया था कि दीनदयाल उपाध्याय चौक पर सोमवार की रात मां दुर्गा सहित अन्य प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान असामाजिक तत्वों की ओर से पुलिस और भीड़ पर हुयी फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई तथा छह अन्य घायल हो गये। दोनों अधिकारियों ने बताया कि असामाजिक तत्वों की ओर से किए गए पथराव में संग्रामपुर थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार, कोतवाली थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, कासिम बाजार थानाध्यक्ष शैलेश कुमार और वासुदेवपुर पुलिस आउट पोस्ट के अध्यक्ष सुशील कुमार सहित 20 पुलिसकर्मी भी घायल हो गये।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *