नवगछिया : नवगछिया थाना चौक पर पुलिस लाइन के मुख्य गेट के मने शूटरों की गोली के शिकार हुए रामचंद्र साह की हत्या पुरानी रंजिश में की गयी है. बात स्पष्टत: सामने आयी है कि वर्ष 2014 छ: मई को उजागर हुए खरीक के विषपुरिया गांव में हुए दोहरे हत्याकांड मामले में रामचंद्र आरोपी था. इस मामले में रामचंद्र जेल की हवा भी खा चुका था. मालूम हो कि वर्ष 2014 छ: मई को कोसी नदी के विषपुरिया धार से दो शवों को बरामद किया गया था. एक शव रंगरा ओपी के भवानीपुर निवासी विपिन यादव का था तो दूसरे शव की अब तक शिनाख्त नहीं हो पायी है.
,, पुत्र मुकेश कुमार साह के लिखित बयान के आधार पर ब्रजेश यादव व उसके गिरोह के लोगों पर दर्ज की गयी प्राथमिकी
,, वर्ष 2014 छ: मई को उजागर हुआ था विपिन की हत्या का मामला
अब तक की हुई छानबीन में बात सामने आयी है कि हत्यारों ने विपिन यादव की हत्या का बदला रामचंद्र की हत्या करके लिया है. इधर इस मामले में मृतक रामचंद्र साह के पुत्र मुकेश कुमार साह के लिखित बयान पर कुल सात लोगों जिसमें भवानीपुर निवासी ब्रजेश यादव, छबला यादव, सिंटू यादव कुल सात लोगों को नामजद और दो अज्ञात के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.


मालूम हो कि रामचंद्र हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी ब्रजेश यादव वर्ष 2014 में मारे गये विपिन यादव का खास भाई है. इस मामले में आरोपी अधिकांश सदस्य ब्रजेश यादव के सगे संबंधी और कुछ बाहरी लोग भी शामिल हैं. बात यह भी सामने आयी है कि तीन दशक पहले की शुरू हुए आपसी रंजिश और घात प्रतिघात की लड़ाई की ही एक कड़ी रामचंद्र साह की हत्या है.
कटिहार के तीन लोग हिरासत में
नवगछिया पुलिस ने नवगछिया सहित आस पास के इलाकों में सघन छापेमारी की है. इस क्रम में कटिहार, खगड़िया, मधेपुरा जिले के सीमांत क्षेत्रों में भी सघन छापेमारी की गयी है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. इनमें से एक बरारी थाना के मधेली गांव निवासी रंजीत यादव भी है. पुलिस तीनों हिरासत में लिये गये लोगों से सघन पूछ ताछ कर रही है.
कहती है एसपी
नवगछिया की एसपी निधि रानी ने बताया कि रामचंद्र की हत्या पूर्व की रंजिश में की गयी है. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर लिया है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

