गोपालपुर के सरकारी स्कूल में चोरी, ताला तोड़कर पानी का मोटर ले उड़े चोर

गोपालपुर: थाना क्षेत्र की सैदपुर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय महादलित टोला में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने विद्यालय के एक कमरे का ताला तोड़कर पानी का मोटर चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रशासन ने गोपालपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

अवकाश के दौरान वारदात को दिया अंजाम

विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार ने बताया कि बुधवार को वह आधिकारिक अवकाश पर थे। शाम करीब चार बजे विद्यालय की छुट्टी होने के बाद सभी शिक्षक और कर्मी कमरों में ताला लगाकर घर चले गए थे।

गुरुवार सुबह जब शिक्षक और छात्र विद्यालय पहुंचे तो एक कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा गया तो वहां लगा पानी का मोटर गायब था। आशंका है कि चोरों ने रात के समय सुनसान का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया।

बाउंड्री वॉल नहीं होने से बढ़ रही सुरक्षा की समस्या

प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में अब तक चहारदीवारी का निर्माण नहीं हुआ है। बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण स्कूल परिसर में देर शाम और रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे विद्यालय की सुरक्षा लगातार प्रभावित हो रही है और पहले भी ऐसी घटनाओं की आशंका जताई जाती रही है।

बच्चों के पेयजल और एमडीएम पर असर

मोटर चोरी होने से विद्यालय में बच्चों के लिए पेयजल की व्यवस्था प्रभावित हो गई है। इसके अलावा मिड-डे मील (एमडीएम) तैयार करने के लिए भी पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे विद्यालय संचालन पर असर पड़ सकता है।

पुलिस जांच में जुटी

प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार ने घटना की लिखित सूचना गोपालपुर थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और चोरों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

deneme bonusu