नवगछिया | नारायणपुर: नारायणपुर प्रखंड की जयपुर चुहर पुरव पंचायत के वार्ड संख्या 3 के ग्रामीण वर्षों से कच्ची सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
Total Downloads: 131
ग्रामीणों का कहना है कि कच्ची सड़क पर कीचड़ और जलजमाव के कारण वाहनों का परिचालन बाधित रहता है, जिससे स्थानीय व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय शिक्षक ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए 24 फरवरी 2026 को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, स्थल का निरीक्षण किया और तस्वीरें भी लीं। इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

कुछ लोगों का कहना है कि वर्मा सेल (पाइपलाइन) गुजरने के कारण इस स्थान पर सड़क का निर्माण संभव नहीं है। हालांकि शिक्षक ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि बिहपुर क्षेत्र में पाइपलाइन के ऊपर सड़क का निर्माण पहले से किया जा चुका है। उनका कहना है कि यदि वहां यह संभव है तो जयपुर चुहर पुरव में भी सड़क बनाई जा सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके। शिक्षक के इस दावे का समर्थन प्रशांत कुमार, कन्हैया कुमार, चंदन कुमार, कुंदन कुमार, लालू कुमार समेत कई ग्रामीणों ने भी किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
