नवगछिया: कदवा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सड़क हादसे में महादेवपुर घाट से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी सीएनजी टेंपो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सामने से आ रही एक बाइक से टक्कर के बाद टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे उसमें सवार कई श्रद्धालु घायल हो गए।
Total Downloads: 93
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी जोरदार थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए टेंपो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर कदवा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा गया। अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। घायलों की पहचान मधेपुरा जिले के बिरेली बाजार निवासी चंदन कुमारी (30), उनके पति सरोज कुमार, बेटी सोनाक्षी कुमारी (7), सरोज कुमार (25), सुनीता देवी (35), खुशबू कुमारी, पूनम कुमारी और विनोद कुमार के रूप में हुई है।

कदवा थाना प्रभारी विक्रम कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त टेंपो और बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य करा दिया।
