default refrigerator repair and services 4 jpg 75default refrigerator repair and services 4 jpg 75

नवगछिया। खरीक थाना क्षेत्र के झंडापुर निवासी एक शिक्षक साइबर ठगों के झांसे में आकर 98,500 रुपये गंवा बैठे। ठगों ने खुद को फ्रिज कंपनी का प्रतिनिधि बताकर लिंक भेजा और रजिस्ट्रेशन के नाम पर रकम ट्रांसफर करवा ली। इसके बाद शिक्षक के बैंक खाते से 98,500 रुपये निकाल लिए गए। मामले की शिकायत नवगछिया साइबर थाना में दर्ज कराई गई है।

पीड़ित शिक्षक विश्वजीत कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका फ्रिज खराब हो गया था। मरम्मत के लिए उन्होंने इंटरनेट पर मिले कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग सकी। कुछ देर बाद दूसरे मोबाइल नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया।

ठग ने फ्रिज खरीदने की तिथि पूछी और कहा कि फ्रिज अभी वारंटी में है। इसके बाद उसने वीडियो कॉल कर एक लिंक भेजा और दूसरे नंबर पर रजिस्ट्रेशन के नाम पर मात्र 5 रुपये भेजने को कहा। शिक्षक ने बताए गए नंबर पर 5 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठग ने भरोसा दिलाया कि अगले दिन टेक्नीशियन घर आकर फ्रिज की मरम्मत करेगा।

हालांकि उसी दिन शाम करीब 4:30 बजे शिक्षक के मोबाइल पर दो बार में कुल 98,500 रुपये खाते से निकलने का संदेश आया। तब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने नवगछिया साइबर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....