नवगछिया : माघी पूर्णिमा को लेकर नवगछिया के विभिन्न गंगा घाटों पर गंगा स्नान को लेकर बुधवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमर पड़ी. नवगछिया के जहान्वी चौक गंगा घाट पर मंगलवार की रात से ही श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा स्नान के लिए पहुंच चुकी थी. जहान्वी चौक गंगा घाट पर मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार जिले के श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे हुए थे. जहान्वी चौक गंगा घाट पर गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु जल भरकर मधेपुरा के सिंघेश्वर स्थान, बिहपुर मरवा के बाबा ब्रजलेश्वर धाम के लिए रवाना हुए.
जहां श्रद्धालुओं ने महादेव का जलाभिषेक किया गंगा घाट पर गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु पूजा अर्चना कर सुगवा बैर खाया. दूर दराज से गंगा स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं ने रात्रि में गंगा किनारे भोजन बनाकर ग्रहण किया और पापहरणी मां गंगे की आराधना की. माघी पूर्णिमा को लेकर शिवालयों में भगवान भोले को जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी.

नवगछिया के गोपाल गौशाला स्थित जगतपति नाथ महादेव मंदिर, नगरह के महादेव मंदिर सहित अन्य महादेव मंदिरों में पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ जलाभिषेक के लिए पहुंच रही थी. इस अवसर पर भगवान भोले और मां गंगे के जयकारों से पूरा वातावरण भक्ति में हो गया था. वहीं माघी पूर्णिमा को लेकर गंगा घाटों पर पुलिस मुस्तैद दिखे. घाटों पर नाव के परिचालन पर पदाधिकारी नजर बनाए हुए थे.


