नवगछिया :- रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सधुआ चापर गांव में बीते मंगलवार की देर रात्रि चापर निवासी वकील रविदास की 50 वर्षीय पत्नी महिला डीलर मीरा देवी के घर पर अज्ञात तीन चार हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर जानलेवा हमला कर दिया. हमले के दौरान अपराधियों ने मीरा देवी के ऊपर चाकू से उनके चेहरे, गले एवं शरीर पर कई ताबड़तोड़ वार किए. जिसमें महिला गंभीर रुप से जख्मी हो गई. अपराधियों के हमले के बाद महिला एवं उनके बगल में सो रहे उनके पति ने हल्ला किया. दोनों की चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के उसके परिवार के अन्य सदस्य एवं स्थानीय लोग भी दौरे. तब तक सभी अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर सामने के दरवाजे से होकर कटरिया रेलवे ओवरब्रिज की ओर भाग निकले.
अपराधियों के भागने के दौरान एक अपराधी का वहां घटनास्थल पर चप्पल भी छूट गया. घटना के बाद महिला के पति ने इसकी सूचना रंगरा पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलते ही रंगरा पुलिस अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर महिला को घायल अवस्था में उठाकर रंगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुनः फिर अनुमंडलीय अस्पताल से महिला को स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया.

घटनास्थल से मिली जानकारी अनुसार घायल महिला मीरा देवी एवं उनका पति वकील रविदास घर के बरामदे पर स्थित चौकी पर एक साथ सोए हुए थे. इसी दौरान मंगलवार की देर रात्रि लगभग 12:30 के आस-पास घर के पिछले दरवाजे से होकर तीन-चार अज्ञात हथियारबंद अपराधी घर में घुसे और महिला के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. जिसमें वह बुरी तरह गंभीर रुप से जख्मी हो गई. हमले के दौरान विस्तर एवं जमीन पर खून के छींटे पड़े हुए हैं. बहरहाल महिला मायागंज अस्पताल में इलाजरत है. जहां महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

इस बाबत परिजनों ने अभी तक स्थानीय पुलिस थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया है. वही इस बारे में पूछे जाने पर रंगरा थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि देर रात घटना हुई है. महिला के किसी भी परिजनों ने थाने में अब तक लिखित रुप से आवेदन नहीं दिया है. घटना को लेकर मामले की तहकीकात की जा रही है. घटना में शामिल हमलावरों का पता लगाया जा रहा है. बहरहाल रंगरा पुलिस घटना को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.

