भागलपुर : गुजरात और सुपौल की घटना को लेकर सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने प्रदेश से लेकर केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। हाल में बिहार में हुई आपराधिक घटनाओं के संबंध में सांसद ने कहा कि अपराधियों को सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है। वहीं गुजरात की बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरीके से बिहारियों को मारा-पीटा और अपमानित किया जा रहा है, पूरे सरकारी तंत्र पर सवाल खड़ा कर रहा है। जिन्हें मारा-पीटा जा रहा है वे दबे-कुचले और दलित हैं।

सांसद ने संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि राज्य में सरकार नाम की चीज नहीं रह गई है। अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। यही कारण है कि दिन-दहाड़े अपराधी घटना को अंजाम दे रहे हैं। जदयू का अपराधियों को पूरा संरक्षण है। सिर्फ दो माह में जदयू के दो एमएलसी और एमएलए विपक्षियों की हत्या में शामिल रहे हैं। बलात्कार, हत्या, तस्करी जैसे मामलों में सत्ताधारी लोगों की संलिप्ता सामने आ रही है। दलितों पर अत्याचार चरम पर है। मुजफ्फरपुर कांड में सीबीआइ ने जमीन खोदकर बच्ची का कंकाल निकाला है। सरकार नारेबाजी और जुमलेबाजी से चलाने की कोशिश हो रही है। गुजरात में मारपीट की घटना के बाद सरकार प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।

प्रधानमंत्री और गुजरात के मुख्यमंत्री का किया विरोध

जन अधिकार छात्र परिषद की ओर से बुधवार को स्टेशन चौक पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जन अधिकार छात्र परिषद के विश्वविद्यालय अध्यक्ष रूपेश कुमार ने किया। इस मौके पर युवा जाप के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने कहा कि गुजरात में बिहारियों के साथ मारपीट कर भगाया जा रहा है। केंद्र, गुजरात और बिहार में भाजपा गठबंधन की सरकार है। भाजपा समतामूलक समाज की बात करते हैं। ऐसे में बिहारियों को गुजरात से भगाना कहां तक उचित है।

बिहारी अगर गुजरात की वस्तुओं का बहिष्कार कर दे तो गुजरात की आर्थिक व्यवस्था खराब हो जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री से ऐसी घटना पर अविलंब रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक देश में कहीं भी किसी को रहने अधिकार है। सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पलायन रोकने की बात कह रहे हैं। लेकिन यह केवल घोषणाएं तक ही सीमित रह गई है। बिहारियों को कभी महाराष्ट्र में मारा जाता है तो कभी असम में मारा जाता है और कभी गुजरात में। अगर इस पर अविलंब रोक नहीं लगी तो हम लोग भी गुजरात की जनता के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे। कार्यक्रम में राज कुमार यादव, ओम प्रकाश यादव, राकेश कुमार, विनोद यादव, विजय भारत, मो. खातिर, निरंजन कुमार आदि ने हिस्सा लिया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *