नवगछिया । प्रखंड क्षेत्र के नरकटिया-नंन्हकार बांध में पांच जगह चूहे के बिल के कारण पानी का रिसाव शुरू हो गया। बांध से पानी रिसने की सूचना मिलते ही वहां काम कर रही फ्लड फाइटिंग टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और जियो बैग मंगवाकर रिसाव वाले सभी स्थानों को बंद कराया।
Total Downloads: 220
फ्लड फाइटिंग टीम की काफी मशक्कत के बाद फिलहाल बांध से हो रहे पानी के रिसाव पर नियंत्रण पा लिया गया है। समय रहते रिसाव को रोकने से आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण बांध और नदी किनारे बसे इलाकों में अब भी चिंता बनी हुई है।
गंगा किनारे महज पांच फीट की दूरी पर सैकड़ों घर
इधर, नरकटिया के पास गंगा का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, गंगा किनारे से महज पांच फीट की दूरी पर सैकड़ों घर बसे हुए हैं। ऐसे में नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही लोगों को अपने घर और परिवार की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।

सबसे ज्यादा चिंता छोटे बच्चों को लेकर है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्चे अक्सर खेलते या घर से आते-जाते समय अनजाने में नदी की ओर चले जाते हैं। नदी किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण परिजन बच्चों को लेकर लगातार चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है। वहीं, बांध में दोबारा किसी तरह का रिसाव न हो, इसके लिए भी लगातार निगरानी की जरूरत बताई जा रही है।
