नारायणपुर। नारायणपुर निवासी मुरारी झा का 16 वर्षीय पुत्र सुमन कुमार उर्फ छोटू 9 अगस्त 2026 की सुबह घर से निकलने के बाद लापता हो गया। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने भवानीपुर ओपी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
Total Downloads: 227
परिजनों के अनुसार, सुमन 9 अगस्त की सुबह करीब 5:10 बजे घर से निकला था। परिवार और आसपास के लोगों ने काफी तलाश की। इस दौरान जानकारी मिली कि सुमन को आखिरी बार भारतखंड रेलवे स्टेशन पर देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
10वीं कक्षा का छात्र है सुमन
सुमन कुमार पीएम श्री हाई स्कूल, नारायणपुर, भागलपुर में 10वीं कक्षा का छात्र है। उसका रोल नंबर 114 B बताया गया है। उसकी उम्र करीब 16 वर्ष है। कद लगभग 5 से 5 फीट 6 इंच के बीच और रंग सांवला है। शरीर मध्यम से मोटा बताया गया है।

कपड़ों और पहचान के निशान से होगी पहचान
लापता होने के समय सुमन ने हल्के नीले रंग की पैंट और हाफ टी-शर्ट पहन रखी थी। उसकी टी-शर्ट की बाईं बांह पर 3 नंबर का निशान बना हुआ है। उसके गले में काले धागे में रुद्राक्ष रहता है।
पहचान के लिए उसकी नाक पर चेचक का निशान और सिर के दाहिनी ओर पुरानी चोट का निशान भी है।
परिजनों ने सकुशल बरामदगी की लगाई गुहार
सुमन के अचानक लापता होने से परिजन परेशान हैं। परिवार ने पुलिस और आम लोगों से छात्र की तलाश में सहयोग करने तथा उसके बारे में किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस या परिजनों को सूचना देने की अपील की है।
परिजनों की मांग है कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सुमन की तलाश कर उसे सकुशल बरामद करे।
