नवगछिया। भागलपुर जिले के नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में प्रसव के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए गोपाल कुमार ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से शिकायत की है। उन्होंने अपनी बहन शबनम कुमारी के प्रसव के दौरान आशा कार्यकर्ता और एएनएम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

गोपाल कुमार के अनुसार, 18 सितंबर 2026 की रात करीब 12 बजे उनकी बहन शबनम कुमारी को प्रसव के लिए नारायणपुर CHC लाया गया था। उनका आरोप है कि उस समय तैनात आशा कार्यकर्ता उषा देवी वहां मौजूद नहीं थीं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रसव के दौरान कमरे में कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे शबनम को काफी परेशानी और दर्द का सामना करना पड़ा। बाद में बच्चे का जन्म हुआ।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि प्रसव के समय आशा या ममता कार्यकर्ता भी वहां मौजूद नहीं थीं। सुबह एएनएम द्वारा निजी दवा के नाम पर उनसे पैसे लेने का भी आरोप लगाया गया है।

गोपाल कुमार ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आशा कार्यकर्ता उषा देवी कई वर्षों से ड्यूटी पर नियमित रूप से नहीं आती हैं, जबकि उन्हें वेतन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया है कि उनकी जगह उनके पति वकील दास काम करते हैं और ग्रामीणों के विरोध करने पर उन्हें चुप करा देते हैं।

पति ने बताया- बीमारी के कारण पत्नी की जगह करता हूं काम

आरोपों के संबंध में भास्कर संवाददाता ने उषा देवी के पति वकील दास से फोन पर संपर्क किया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी उषा देवी पिछले एक-दो वर्षों से पैरालिसिस की बीमारी से पीड़ित हैं। उनके अनुसार, पत्नी की जगह वह स्वयं काम करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बैठकों में पत्नी स्वयं शामिल होती हैं।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बोले- मंगलवार को होगी जांच

नारायणपुर CHC के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को मामले की जांच कर पूरे प्रकरण को देखा जाएगा।

शिकायतकर्ता ने प्रसव के दौरान मौजूद मोनी देवी (पति राजीव दास) और हेमंती देवी (पति गोपाल दास) को मामले का गवाह बताया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय स्तर पर नारायणपुर CHC में प्रसव के दौरान पैसे लिए जाने की शिकायतें सामने आने का भी दावा किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *