नारायणपुर। कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता का रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता में बिहार समेत कई राज्यों और नेपाल के महिला एवं पुरुष पहलवानों ने हिस्सा लिया। पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेंच और दमखम से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
पुरुष वर्ग में कटिहार के करण यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। उनकी जीत पर उन्हें बबलू झा की ओर से 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
वहीं महिला वर्ग में नेपाल की रूबी थापा ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्हें प्रतियोगिता में दूसरा पुरस्कार मिला। जबकि मेरठ के शाकिर नूर ने तीसरा स्थान हासिल किया। उन्हें प्रमुख प्रतिनिधि मंटू यादव ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन करीब 50 महिला और पुरुष पहलवानों ने हिस्सा लेकर अपने दांव-पेंच दिखाए। अलग-अलग मुकाबलों में पहलवानों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। रोमांचक मुकाबलों के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह रहा और उन्होंने तालियों के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाया।
अयोध्या के काशी बाबा और बंगाल के दीपक ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। दोनों के बीच हुए मुकाबले में पहलवानों ने बेहतरीन तकनीक और दमखम का प्रदर्शन किया।
दंगल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान और दिल्ली समेत कई राज्यों के पहलवान शामिल हुए। इसके अलावा पटना, खगड़िया और भागलपुर सहित विभिन्न शहरों से भी पहलवान प्रतियोगिता में पहुंचे थे।
दो दिनों तक चले इस आयोजन ने नारायणपुर में कुश्ती प्रेमियों के बीच खासा उत्साह पैदा किया। समापन समारोह में विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
