नारायणपुर। प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ के बीच शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। शहजादपुर पंचायत के छोटी फुलवरिया गांव में घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय मासूम बच्ची बाढ़ के पानी में डूब गई। करीब दो घंटे तक बच्ची की तलाश के बाद उसका शव घर के पास ही जमा बाढ़ के पानी से बरामद किया गया। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
Total Downloads: 254
मृतका की पहचान छोटी फुलवरिया गांव के वार्ड नंबर एक निवासी मजदूर राहुल कुमार की तीन वर्षीय पुत्री सृष्टि कुमारी के रूप में हुई है।
सुबह खेलते समय अचानक हो गई लापता
परिजनों के अनुसार, सृष्टि शनिवार सुबह करीब आठ बजे घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह अचानक परिजनों की नजरों से ओझल हो गई। काफी देर तक बच्ची के दिखाई नहीं देने पर परिवार के लोगों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की।

बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी खोजबीन में जुट गए। गांव के अलग-अलग हिस्सों में बच्ची को तलाशा गया। करीब दो घंटे तक तलाश के बाद घर के पास जमा गंगा के बाढ़ के पानी में बच्ची डूबी हुई मिली।
ग्रामीणों ने तत्काल उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चार बहनों में सबसे छोटी थी सृष्टि
सृष्टि चार बहनों में सबसे छोटी थी और परिवार की लाडली थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही पिता राहुल कुमार और मां सोनी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बार-बार अपनी बेटी को पुकारकर बेसुध हो जा रही थीं।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए। पूरे गांव में मातम का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
मुआवजे की मांग, प्रशासन को दी गई सूचना
घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई है। आपदा मित्र सुमित कुमार सुमन ने बताया कि घटना के बाद कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई है।
वहीं, शहजादपुर पंचायत के मुखिया कैलाश कुमार भारती ने अंचलाधिकारी को घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधान के तहत मिलने वाली चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।
बाढ़ के पानी के बीच हुए इस हादसे ने ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ा दी है। गांव में जगह-जगह फैले बाढ़ के पानी को देखते हुए लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत बताई है।
