भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड के गनौल गांव में मजदूर कृष्ण कुमार की निर्मम हत्या के मामले का नवगछिया पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक की पत्नी लक्ष्मी कुमारी, उसके कथित प्रेमी नीतीश कुमार तथा शूटर राधेश्याम कुमार को गिरफ्तार किया है।
Total Downloads: 102
नवगछिया के एसडीपीओ अनिकेत अमर ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को कृष्ण कुमार का शव उनके घर से सटे बांसवाड़ी में बरामद हुआ था। हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी और शव के साथ गंभीर विकृति भी की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए भवानीपुर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी लक्ष्मी कुमारी और नीतीश कुमार के बीच कथित प्रेम संबंध थे। पूछताछ में नीतीश कुमार ने हत्या की साजिश में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने लक्ष्मी कुमारी के साथ मिलकर कृष्ण कुमार की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने में गनौल गांव निवासी राधेश्याम कुमार की भी भूमिका सामने आई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है।
बताया गया कि कृष्ण कुमार कानपुर में मजदूरी करते थे और घटना से करीब 10 दिन पहले अपने गांव गनौल लौटे थे। उन्हें रविवार को वापस कानपुर जाना था, लेकिन किसी कारणवश वह नहीं जा सके। इसके बाद सोमवार की रात उनकी हत्या कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
