नवगछिया। पूर्व मध्य रेलवे के कटिहार-बरौनी रेलखंड स्थित नारायणपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। गाड़ी संख्या 13281 डिब्रूगढ़-राजेंद्र नगर टर्मिनल एक्सप्रेस से उतरने के प्रयास में एक 22 वर्षीय युवक ट्रेन के पहियों की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
Total Downloads: 203
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन पर ड्यूटी में तैनात रेल पुलिस मौके पर पहुंची। बिजली पोल संख्या 80/30 और 80/31 के बीच रेलवे ट्रैक से शव को हटाकर कब्जे में लिया गया। शव क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान में परेशानी हो रही है। मृतक के पास से अलग-अलग कंपनियों के तीन मोबाइल फोन और आधार कार्ड की एक फोटोकॉपी मिली है। इसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान और परिजनों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
सुबह 7:01 बजे थ्रो लाइन से गुजर रही थी ट्रेन
नारायणपुर स्टेशन मास्टर विकास कुमार के अनुसार, ट्रेन संख्या 13281 डिब्रूगढ़-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस मंगलवार सुबह करीब 7:01 बजे अप थ्रो लाइन से गुजर रही थी। इसी दौरान युवक के चलती ट्रेन से उतरने की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक संभवतः ट्रेन से प्लेटफॉर्म अथवा ट्रैक किनारे उतरने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
खगड़िया के युवक होने की जताई जा रही संभावना
मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के मड़ैया पिपरालतीफ गांव निवासी मो. अकबर के 22 वर्षीय पुत्र अफताब के रूप में होने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि रेल पुलिस ने अभी इस पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस संबंधित पते का सत्यापन कराने के साथ परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
मृतक के पास से मिले तीन मोबाइल फोन भी पुलिस के लिए अहम सुराग माने जा रहे हैं। पुलिस मोबाइल में मौजूद संपर्कों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर युवक की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी रेल पुलिस
बिहपुर रेल थाना के थानाध्यक्ष कुंवर प्रसाद यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान पूरी तरह पुष्ट नहीं हुई है। संबंधित पते के सत्यापन के लिए परबत्ता पुलिस और स्थानीय सूत्रों से संपर्क किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पहचान की पुष्टि और परिजनों के सत्यापन के बाद ही आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
