नवगछिया। नवगछिया अनुमंडल में गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में शुक्रवार को लगातार गिरावट दर्ज की गई। इस्माईलपुर-बिंदटोली, राघोपुर, मदरौनी और जेबी चोरहर—चारों प्रमुख स्थलों पर पिछले 24 घंटे में पानी कम हुआ है। हालांकि, कुछ स्थानों पर नदी का पानी तटबंध के किनारे तक पहुंच रहा है, जिससे संवेदनशील इलाकों में विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
Total Downloads: 120
इस्माईलपुर-बिंदटोली के स्पर संख्या-7 पर शुक्रवार सुबह छह बजे गंगा का जलस्तर 30.57 मीटर दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में इसमें छह सेंटीमीटर की कमी आई है। यह 30.60 मीटर के चेतावनी स्तर से तीन सेंटीमीटर नीचे है। वहीं राघोपुर में गंगा का जलस्तर 31.53 मीटर दर्ज हुआ, जिसमें सात सेंटीमीटर की गिरावट हुई। काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध फिलहाल सुरक्षित बताया गया है, हालांकि दोनों स्थानों पर नदी का पानी तटबंध के किनारे तक पहुंच रहा है।
कोसी में भी गिरावट, जेबी चोरहर में चेतावनी स्तर से ऊपर
कोसी नदी के जलस्तर में भी गिरावट दर्ज की गई है। मदरौनी में जलस्तर 30.16 मीटर रहा, जो पिछले 24 घंटे में तीन सेंटीमीटर कम हुआ। यह 30.48 मीटर के चेतावनी स्तर से 32 सेंटीमीटर नीचे है। यहां तटबंध सुरक्षित बताया गया है।

वहीं जेबी चोरहर में कोसी का जलस्तर 30.80 मीटर दर्ज किया गया, जिसमें पांच सेंटीमीटर की कमी आई है। हालांकि, यहां पानी अभी भी 30.77 मीटर के चेतावनी स्तर से तीन सेंटीमीटर ऊपर है।
तटबंधों पर विभाग की नजर
जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार के अनुसार फिलहाल स्थिति सुरक्षित और नियंत्रण में है। बागजान जमींदारी बांध के कुछ हिस्सों में नदी का पानी तटबंध के किनारे तक पहुंच रहा है। ऐसे स्थानों पर विभागीय टीम विशेष सतर्कता बरत रही है।
गंगा और कोसी दोनों नदियों के जलस्तर में फिलहाल गिरावट का रुझान बना हुआ है। इसके बावजूद विभाग की टीमें लगातार जलस्तर और तटबंधों की स्थिति की निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
