नवगछिया। नवगछिया के झरकहवा में मंगलवार को पानी टंकी निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर की 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगने के बाद मजदूर जमीन पर गिर पड़ा।

घायल मजदूर की पहचान पकड़ा दुनिया टोला निवासी नितीश कुमार, पिता श्रीकांत सिंह के रूप में हुई है। स्थानीय मजदूर मनोज शर्मा ने बताया कि नितीश पानी टंकी निर्माण कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान उसके हाथ में मौजूद लोहे की छड़ ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई।

लोहे की छड़ तार से टकराई, जोरदार करंट लगा

बताया गया कि निर्माण स्थल के ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार गुजर रहा है। काम के दौरान लोहे की छड़ बिजली तार के संपर्क में आ गई। तार के संपर्क में आते ही नितीश को जोरदार करंट लगा और वह बुरी तरह झुलसकर नीचे गिर पड़ा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल नितीश को उठाकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

निर्माण स्थल की सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद पानी टंकी निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल के ठीक ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रहा है, ऐसे में लोहे की छड़ या अन्य निर्माण सामग्री के इस्तेमाल के दौरान हादसे की आशंका बनी हुई थी।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले बिजली तार से पर्याप्त दूरी और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाना चाहिए था। लोगों ने मांग की है कि निर्माण स्थल पर हाईटेंशन तार से सुरक्षित दूरी सुनिश्चित की जाए और मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

पुलिस ने शुरू की जांच

ढोलबज्जा थानाध्यक्ष निशांत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *