नवगछिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लखनलाल चौक स्थित मकान में छापेमारी, करीब 12 लोग हिरासत में
हत्या के आरोपी की तलाश में पहुंची थी पुलिस, छापेमारी के दौरान कथित अनैतिक देह व्यापार का हुआ खुलासा; डीएसपी सायम राजा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
Total Downloads: 500
नवगछिया। टाउन थाना क्षेत्र के लखनलाल चौक पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में छापेमारी कर करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस टीम हत्या के एक मामले में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान मकान के अंदर कथित रूप से अनैतिक देह व्यापार संचालित होने का मामला सामने आया। पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में नामजद आरोपी लखन लाल सिंह के मकान में मौजूद है। सूचना के सत्यापन और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की। हालांकि, मकान के अंदर पहुंचने पर पुलिस को कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद करीब 12 लोगों को हिरासत में ले लिया।

मामले की जानकारी देते हुए नवगछिया डीएसपी सायम राजा ने बताया कि पुलिस टीम हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी के उद्देश्य से मकान में छापेमारी करने पहुंची थी। छापेमारी के दौरान वहां से कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में मकान में कथित तौर पर अनैतिक व्यापार संचालित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई की खबर फैलते ही इलाके में हलचल मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ लक्ष्मीपुर चौक के पास जमा हो गई। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस छापेमारी अभियान में नवगछिया डीएसपी सायम राजा, खरीक थाना के एडिशनल एसएचओ अजहर आलम, नवगछिया टाउन थाना के दरोगा जम्मू कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे।
